निगम द्वारा प्रारंभ किए गए अभियान के प्रथम दिन बने 113 आयुष्मान कार्ड
ग्वालियर। आयुष्मान कार्ड आज हम सभी के लिए कितना जरूरी है, यह एहसास तब होता है जब कोई बीमार गरीब अपने इलाज के लिए परेशान होता है। सरकार ने जरुरतमंद आमजनों की इसी परेशानी को समझते हुए विभिन्न श्रेणियों के पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने का संकल्प लिया है और आज से नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर के सभी जरूरतमंदों को आसानी से निशुल्क आयुष्मान कार्ड मिले, इसके लिए विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। आयुष्मान कार्ड से सभी नागरिकों को 5 लाख रुपए तक की अच्छी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उक्त आशय के विचार सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने नगर निगम ग्वालियर द्वारा आज से सभी जनमित्र केन्द्रों, क्षेत्रीय कार्यालयों एवं सीएससी पर प्रारंभ किए गए आयुष्मान कार्ड अभियान का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल ने कहा कि आयुष्मान कार्ड आम जनों को निशुल्क एवं बिना किसी असुविधा के मिले इसके लिए नगर निगम द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष कृष्णराव दीक्षित ने आमजनों की सुविधा के लिए आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाले लाभ की जानकारी प्रत्येक हॉस्पिटल में लगवाने की बात कही।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंद लोगों को पाँच लाख रूपए प्रति परिवार के मान से सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है। योजना के तहत चयनित अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारक को पाँच लाख रूपए तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध होता है। योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, इसके लिये शहरी क्षेत्र में सभी 26 जनमित्र केन्द्रों, 25 नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों के साथ ही 5 लोक सेवा केन्द्रों पर 25 अप्रैल से प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य प्रारंभ किया गया। सीएमएचओ डॉ मनीष शर्मा ने सभी को आयुष्मान भारत योजना के बारे में जानकारी दी।
नगर निगम द्वारा प्रारंभ किए गए अभियान के प्रथम दिवस 113 नागरिकांे के निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए गए। वहीं अब लगातार 7 दिवस तक निगम के उक्त सभी कार्यालयों पर निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विषेश अभियान चलाया जाएगा। आयुष्मान कार्ड के लिये व्यक्ति को कार्ड बनाने हेतु समग्र आईडी, आधारकार्ड के साथ स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। परिवार के प्रत्येक सदस्य के कार्ड पृथक-पृथक बनेंगे। आधार कार्ड के साथ-साथ ड्रायविंग लायसेंस, जन्म प्रमाण-पत्र अथवा कोई भी शासकीय परिचय पत्र जिसमें फोटो लगा हो लेकर हितग्राही आ सकते हैं।
इस अवसर पर मप्र बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, गौशाला के महंत ऋषभ देव आनंद महाराज, पूर्व नेता प्रतिपक्ष कृष्ण राव दीक्षित, पूर्व पार्षद दिनेश दीक्षित एवं नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल, सीएमएचओ डॉ मनीष शर्मा एवं मेडीकल डीपीएम विजय भार्गव सहित बडी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।