info@thenewsjunction.in

राष्ट्रव्यापी शिक्षा बचाओ अभियान के तहत बुधवार को आम आदमी पार्टी बोकारो की टीम

बोकारो, 06 अगस्त 2025 राष्ट्रव्यापी शिक्षा बचाओ अभियान के तहत बुधवार को आम आदमी पार्टी बोकारो की टीम ने पश्चिम बंगाल सीमा से सटे नव प्राथमिक विद्यालय कुसुम टिकरी का निरीक्षण किया। टीम में आप नेता कुमार राकेश, अरविंद विकाश और शादाबुद्दीन शेख शामिल थे। यह विद्यालय पिछले सात वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। विद्यालय की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे आप के वरीय नेता कुमार राकेश ने कहा है कि वर्ष 2018 में झारखंड की तात्कालीन भाजपा की रघुवर सरकार ने झारखंड के करीब पौने चार सौ विद्यालय बंद कर दिये थे। चास अंचल का यह विद्यालय भी उसी का उदाहरण है। विद्यालय भवन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुका है। स्कूल के आस-पास झाड़ियाँ उग आई हैं। सांप-बिच्छुओं ने बसेरा बना रखा है। ग्रामीण बताते हैं कि गांव में अधिकांश आदिवासी और अनुसूचित जाति की आवादी है। यहां गांव के करीब सौ बच्चे प्रथम कक्षा से पांचवी कक्षा तक पढ़ रहे थे। अचानक से झारखंड सरकार के आदेश से विद्यालय बंद कर दिया गया। अब सभी बच्चे करीब दो से तीन किलोमीटर दूर पास के विक्रमडीह या राधानगर गांव में पढ़ने जाते हैं। हाई स्कूल के छात्र-छात्रा करीब 15 किलोमीटर दूर सतनपुर हाई स्कूल पढ़ने जाते हैं। कई छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उन्हें पैदल काफी दूर जाना पड़ता है। यदि यह विद्यालय खुल जाता तो उनकी परेशानी कम हो जाती। सभी नौनिहालों ने एक स्वर में झारखंड के मुख्यमंत्री से यथाशीघ्र विद्यालय खुलवाने का निवेदन किया है। हेमंत सोरेन सरकार ने कई बार राज्य के बंद विद्यालयों को खोलने की घोषणा की है, लेकिन अमलीजामा नहीं पहनाया गया।

Published on: 06/08/2025 05:52 PM

Share on Facebook